Fri. Oct 16th, 2026

रायपुर। भारतीय महिला क्रिकेट के लिए आज का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है। राजधानी रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच पहली बार अंतरराष्ट्रीय टी-20 मुकाबला खेला जाएगा। यह पहली बार है जब दोनों टीमें किसी भी अंतरराष्ट्रीय फॉर्मेट में आमने-सामने होंगी। इसी मुकाबले के साथ तीन मैचों की टी-20 सीरीज का आगाज होगा। वहीं, भारतीय टीम नियमित कप्तान के रूप में स्मृति मंधाना के नेतृत्व में नए युग की शुरुआत करेगी।

पहली बार आमने-सामने होंगी भारत और जिम्बाब्वे

जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीम पहली बार भारत दौरे पर आई है। ऐसे में यह मुकाबला दोनों देशों की महिला क्रिकेट के इतिहास में खास दर्ज होगा। क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें इस ऐतिहासिक मुकाबले पर टिकी हैं।

रायपुर में पहली बार होगा महिला इंटरनेशनल मुकाबला

शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में पहले IPL और कई अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले जा चुके हैं, लेकिन पहली बार यहां किसी महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच का आयोजन हो रहा है। इससे रायपुर को महिला क्रिकेट के बड़े मंच पर नई पहचान मिलने जा रही है।

पिच रिपोर्ट

रायपुर की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। शुरुआती ओवरों में गेंद को अच्छा बाउंस और गति मिलने की संभावना है, जिससे पावरप्ले में बड़े शॉट देखने को मिल सकते हैं। महिला टी-20 क्रिकेट में अपेक्षाकृत छोटी बाउंड्री होने के कारण चौके-छक्कों की उम्मीद भी अधिक रहेगी।

मैच कब और कितने बजे?

  • पहला टी-20: 16 अक्टूबर
  • स्थान: शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नवा रायपुर
  • टॉस: शाम 6:30 बजे (संभावित)
  • मैच शुरू: शाम 7:00 बजे

पूरी सीरीज का कार्यक्रम

  • 16 अक्टूबर – पहला टी-20
  • 18 अक्टूबर – दूसरा टी-20
  • 20 अक्टूबर – तीसरा टी-20

तीनों मुकाबले नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे।

कहां देखें लाइव मैच?

क्रिकेट प्रशंसक इस मुकाबले का लाइव प्रसारण Star Sports Network पर देख सकेंगे। वहीं ऑनलाइन स्ट्रीमिंग JioHotstar ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी।

महिलाओं के लिए स्टेडियम में फ्री एंट्री

छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुझाव पर महिला दर्शकों के लिए स्टेडियम में निःशुल्क प्रवेश की व्यवस्था की है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक महिलाओं और बालिकाओं को महिला क्रिकेट से जोड़ना है।

स्मृति मंधाना के नेतृत्व में नई शुरुआत

विश्व कप विजेता कप्तान हरमनप्रीत कौर के बाद अब स्मृति मंधाना भारतीय महिला टीम की नियमित कप्तान के रूप में नई जिम्मेदारी संभाल रही हैं। मंधाना इससे पहले 18 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में कप्तानी कर चुकी हैं, लेकिन यह पहली बार होगा जब वे पूर्णकालिक कप्तान के रूप में मैदान पर उतरेंगी।

करीब 13 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर में स्मृति मंधाना 300 से अधिक मैच खेल चुकी हैं। उनके नाम तीनों फॉर्मेट में 10,737 अंतरराष्ट्रीय रन, 17 शतक और 75 अर्धशतक दर्ज हैं।

दोनों टीमों की स्क्वॉड

भारत

स्मृति मंधाना (कप्तान), शेफाली वर्मा (उप-कप्तान), हरमनप्रीत कौर, ऋचा घोष, जी. कमलिनी, निकी प्रसाद, अनुष्का शर्मा, दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणी, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, जिन्तिमणि कलिता, मिन्नू मणि।

जिम्बाब्वे

जोसेफिन नकोमो (कप्तान), बिलवेड बिजा, चिपो मुगेरी-तिरिपानो, केलिस नधलोवु, मिशेल मावुंगा, फ्रांसिस्का चिपारे, ओलिन्दर चारे, कुदजई चिगोरा, न्याशा ग्वानजुरा, नोमवेलो सिबांडा, लोरिन फिरी, चियेद्जा धुरुरु, मोडेस्टर मुपाचिक्वा, तेंदई मकुशा, शारने मेयर्स।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *