CG Breaking: राजधानी रायपुर में छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा तोड़े जाने की घटना ने प्रदेशभर में गुस्सा भड़का दिया है। इस घटना के विरोध में छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने वीआईपी चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
राजनीतिक गलियारों से लेकर आम जनता तक, इस घटना की कड़ी निंदा की जा रही है। सरकार ने भी स्पष्ट किया है कि आरोपियों को किसी भी हाल में छोड़ा नहीं जाएगा। वहीं, इस प्रकरण को लेकर सियासी बयानबाज़ी भी तेज़ हो गई है।
छत्तीसगढ़ी अस्मिता पर सीधा हमला” — अमित जोगी
जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के अध्यक्ष अमित जोगी ने कहा कि यह सिर्फ़ एक मूर्ति नहीं टूटी, बल्कि हमारी आस्था और अस्मिता पर प्रहार हुआ है। उन्होंने कहा — “जिस महतारी के नाम पर सरकारें बनती हैं, उसी की प्रतिमा की सुरक्षा नहीं हो पा रही। यह छत्तीसगढ़ के गौरव पर सीधा हमला है।”
जनता का अपमान है यह घटना” — भूपेश बघेल
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि राजधानी रायपुर के VIP रोड पर स्थित छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति तोड़ना पूरे प्रदेश की जनता का अपमान है। “छत्तीसगढ़ की स्थापना की रजत जयंती पर यह घटना बेहद शर्मनाक है। भाजपा सरकार को जवाब देना होगा कि छत्तीसगढ़ की पहचान को मिटाने की यह कोशिश क्यों हो रही है,”
कांग्रेस ने जताई नाराज़गी, मांगी सख्त कार्रवाई
कांग्रेस ने बयान जारी कर इस घटना को छत्तीसगढ़ की संस्कृति और अस्मिता पर प्रहार बताया। पार्टी ने कहा — “यह कृत्य अत्यंत निंदनीय है। दोषियों पर तत्काल कार्रवाई हो और उसी स्थान पर नई प्रतिमा स्थापित की जाए। भाजपा शासन में लगातार छत्तीसगढ़ की परंपरा और पहचान पर हमले हो रहे हैं।”
इटली वालों का क्या लेना-देना भारत से” — गृह मंत्री विजय शर्मा
गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और दोषियों पर कार्रवाई होगी। उन्होंने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा — “कांग्रेस पहले अपने गिरेबान में झांके। इटली वालों का भारत से क्या लेना-देना।”
दोषियों को नहीं छोड़ा जाएगा — मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना को “अत्यंत निंदनीय कृत्य” बताते हुए कहा — “इस मामले की जांच जारी है, और आरोपियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।”
इस घटना ने छत्तीसगढ़ की अस्मिता, संस्कृति और भावना को झकझोर दिया है। अब सबकी निगाहें इस पर हैं कि जांच में क्या सामने आता है और सरकार दोषियों के खिलाफ क्या कदम उठाती है।

